शिमला: वैक्सीनेशन के कुछ घंटे बाद 45 दिन की मासूम की मौत, जांच के आदेश

0
230

( ब्यरो रिपोर्ट ),

हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के डीडीयू जोनल अस्पताल (रिपन) में वैक्सीनेशन के बाद 45 दिन की एक बच्ची की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग ने जांच के आदेश जारी कर दिए हैं, जबकि परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है।

जानकारी के अनुसार संजौली निवासी 45 दिन की कियांशी को बुधवार सुबह नियमित टीकाकरण के लिए डीडीयू अस्पताल ले जाया गया था। परिजनों का आरोप है कि टीका लगने के करीब तीन घंटे बाद बच्ची की तबीयत अचानक बिगड़ गई और उसकी नाक से खून बहने लगा। इसके बाद उसे तुरंत आईजीएमसी शिमला ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक बच्ची के दादा दिनेश कुमार ने बताया कि वैक्सीनेशन के बाद अस्पताल में आधे घंटे तक बच्ची को निगरानी में रखा गया था। सब कुछ सामान्य होने पर परिवार उसे घर ले गया, लेकिन दोपहर करीब दो बजे उसकी हालत अचानक गंभीर हो गई।

बच्ची के शव का पोस्टमार्टम आईजीएमसी के फोरेंसिक मेडिसिन विभाग में किया गया। प्रारंभिक जांच में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। चिकित्सकों ने बिसरा सुरक्षित रखकर जांच के लिए एफएसएल जुन्गा भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

उधर, एएसपी अभिषेक ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। वहीं, स्वास्थ्य विभाग भी पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कर रहा है।

घटना के बाद परिवार सदमे में है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here