ब्यूरो रिपोर्ट
प्रदेश के शिमला जिले के रामपुर में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया। सनेई से रामपुर की ओर आ रही हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की बस राय के समीप एक मोड़ पर अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे जा गिरी। इस हादसे में 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि 17 अन्य यात्री घायल हो गए। घायलों में दो यात्रियों के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं।प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा रामपुर से करीब 15 किलोमीटर दूर राय के पास हुआ। दुर्घटनाग्रस्त बस का नंबर HP 06 A 5159 बताया जा रहा है। हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान वंश (20), पुत्र सुरंजन, निवासी गांव कराली, तहसील रामपुर के रूप में हुई है। दुर्घटना के समय बस में चालक और परिचालक सहित 20 से अधिक लोग सवार थे।हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को उपचार के लिए रामपुर स्थित खनेरी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।वहीं, घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। इस दर्दनाक दुर्घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।