(ब्यूरो ,रिपोर्ट ),
हिमाचल प्रदेश के जिला शिमला में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया। रामपुर उपमंडल में एक ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, हादसा रामपुर से गौरा-मशनु सड़क मार्ग पर पशाड़ा कैंची के समीप बारसान मोड़ पर हुआ। बताया जा रहा है कि ऑल्टो कार अचानक चालक के नियंत्रण से बाहर हो गई और सड़क से लुढ़कते हुए गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। हादसे की सूचना मिलते ही घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
वहीं, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। खाई काफी गहरी होने के कारण घायलों और मृतकों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। हादसे में घायल हुए दोनों लोगों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, दुर्घटनाग्रस्त कार जैकोच्छा गांव निवासी कुमदास की बताई जा रही है। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसका अभी तक पता नहीं चल पाया है।