ब्यूरो रिपोर्ट।
हिमाचल प्रदेश में मानसून लगातार कहर बरपा रहा है। बीते 24 घंटों के दौरान भारी बारिश और उससे जुड़ी घटनाओं में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि कई जिलों में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र (एसईओसी) के अनुसार शिमला, चंबा और मंडी जिलों में वर्षाजनित हादसों में लोगों की जान गई है।लाहौल-स्पीति जिले के उदयपुर क्षेत्र में पहाड़ी से पत्थर गिरने की चपेट में आने से मंडी निवासी एचआरटीसी बस परिचालक ज्ञान चंद की मौत हो गई। वहीं चंबा जिले के भरमौर उपमंडल में भारी बारिश के कारण मंदिर के पास बना लकड़ी का अस्थायी पुल अचानक बह गया, जिससे करीब 30 तीर्थयात्री फंस गए। सूचना मिलते ही एनडीआरएफ, स्थानीय प्रशासन, पर्वतारोहण संस्थान और लोक निर्माण विभाग की संयुक्त टीम ने राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। प्रशासन ने श्रद्धालुओं तक आवश्यक राहत सामग्री भी पहुंचाई।किन्नौर जिले में लगातार हो रही बारिश के चलते रिस्पा गांव का संपर्क पूरी तरह कट गया है। चेरंग खड्ड में जलस्तर बढ़ने से गांव तक जाने वाली एकमात्र सड़क बह गई। स्थानीय लोगों के अनुसार पिछले वर्ष बाढ़ में लोहे का पुल बहने के बाद बनाई गई अस्थायी सड़क भी मानसून की पहली ही बारिश में बह गई। इसके अलावा भाभा घाटी की सुरचो खड्ड में पानी का बहाव बढ़ने से एक और लकड़ी का पुल बह गया।भारी बारिश और भूस्खलन के कारण प्रदेशभर में 49 सड़कें बंद हैं। इनमें कुल्लू की 30, सिरमौर की 8, चंबा की 7 तथा लाहौल-स्पीति और ऊना की 2-2 सड़कें शामिल हैं। चंबा-भरमौर मार्ग भी भूस्खलन के कारण यातायात के लिए बंद है। वहीं 42 बिजली ट्रांसफार्मर और 27 पेयजल योजनाएं भी प्रभावित हुई हैं।इस बीच सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) ने लाहौल-स्पीति में मानवता का परिचय देते हुए गंभीर रूप से बीमार महिला शांति देवी को उफनते जाहलमा नाले के पार सुरक्षित पहुंचाया, जिससे उन्हें समय पर उपचार मिल सका।मौसम विभाग ने तीन जुलाई को छोड़कर पांच जुलाई तक प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। जिला प्रशासन ने मंडी, कुल्लू और किन्नौर समेत अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में लोगों और पर्यटकों से नदियों, नालों तथा भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है।
ब्यूरो रिपोर्ट प्रदेश के शिमला जिले के रामपुर में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा…
ब्यूरो रिपोर्ट। कालाअंब। पुलिस थाना कालाअंब के तहत खैर वाला, विक्रमबाग में लड़ाई-झगड़े और मारपीट…
ब्यूरो रिपोर्ट। कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में शराब ठेकों पर निर्धारित कीमत से…
ब्यूरो रिपोर्ट। नाहन। सिरमौर पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी, जुआ, मारपीट और अन्य मामलों…
निशेष शर्मा राजगढ़। राजगढ़ पुलिस ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो युवकों को…
ब्यूरो रिपोर्ट चंबा। इरावती होटल में चल रही गोल्ड एग्जीबिशन के दौरान सोने की शुद्धता…