पीजीआई चंडीगढ़ में उपचार के दौरान मुख्य आरक्षी कुलदीप सिंह का निधन, सिरमौर पुलिस विभाग में शोक की लहर

0
217

(ब्यूरो रिपोर्ट),

हिमाचल प्रदेश पुलिस विभाग में उस समय शोक की लहर दौड़ गई, जब सिरमौर जिले में तैनात 42 वर्षीय मुख्य आरक्षी कुलदीप सिंह का बुधवार सुबह निधन हो गया। वे पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे और पीजीआई चंडीगढ़ में उनका उपचार जारी था, जहां उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुलदीप सिंह (नं. 390) पुलिस थाना माजरा, पांवटा साहिब में तैनात थे और वर्ष 2024 से यहां बतौर जांच अधिकारी (आईओ) अपनी सेवाएं दे रहे थे। बताया जा रहा है कि 19 अप्रैल 2026 को वह अवकाश पर गए थे, इसी दौरान उनकी अचानक तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें पीजीआई चंडीगढ़ में भर्ती करवाया गया।
दिवंगत कुलदीप सिंह, पुत्र तुलसी राम, जिला सिरमौर की पच्छाद तहसील के गांव बोहलघाट, डाकघर गागल शिकौर के निवासी थे। उन्होंने वर्ष 2008 में पुलिस विभाग में बतौर आरक्षी अपनी सेवा शुरू की थी और लंबे समय तक अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन किया।
उनके असामयिक निधन की खबर मिलते ही पुलिस महकमे सहित उनके पैतृक गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। सहकर्मियों और क्षेत्रवासियों ने उन्हें एक कर्तव्यनिष्ठ और ईमानदार अधिकारी के रूप में याद किया।
डीएसपी पांवटा साहिब मानवेंद्र ठाकुर ने बताया कि दिवंगत कुलदीप सिंह का अंतिम संस्कार पूरे पुलिस सम्मान के साथ किया जाएगा। उनके निधन से विभाग को अपूरणीय क्षति हुई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here