धमकाकर अवैध वसूली करने के मामले में सिरमौर पुलिस की कार्रवाई; एक आरोपी गिरफ्तार, ₹30,000 नकद एवं दो महंगी शराब की बोतलें बरामद।

0
27

नाहन (संध्या कश्यप ,संवाददाता ),

पुलिस थाना सदर नाहन में दिनांक 18.11.2026 को अवैध वसूली के आरोप में अभियोग संख्या 227/2026, धारा 308(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।

  • मामले के अनुसार, शिकायतकर्ता नाहन में एक शराब के ठेके पर सेल्समैन के रूप में कार्यरत है। कुछ समय पूर्व शराब के रेट को लेकर उसकी एक व्यक्ति के साथ कहासुनी हुई थी, जिसके पश्चात उक्त व्यक्ति द्वारा शिकायतकर्ता के विरुद्ध CM हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज करवाई गई। शिकायतकर्ता के आरोपानुसार, उक्त व्यक्ति शिकायत वापस लेने के एवज में तथा उसे सोशल मीडिया पर बदनाम करने और नौकरी से निकलवाने की धमकी देकर ₹30,000 नकद एवं दो महंगी शराब की बोतलों की मांग करने लगा।
  • शिकायतकर्ता के अनुसार, धमकियों के दबाव में आकर उसने उक्त व्यक्ति को ₹30,000 नकद एवं शराब की दो महंगी बोतलें दे दीं। इसके तुरंत बाद शिकायतकर्ता पुलिस थाना सदर नाहन पहुंचा और मामले की शिकायत पुलिस को दी।
  • शिकायत प्राप्त होने पर सिरमौर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी शुभम सहोत्रा, पुत्र श्री विक्रम सहोत्रा, ​​मकान नंबर 258/12 चिड़ावाली, नाहन, उम्र 31 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया तथा उसके कब्जे से शिकायतकर्ता से कथित तौर पर वसूली गई ₹30,000 की नकद राशि एवं शराब की दोनों बोतलें बरामद कर ली हैं। मामले में संलिप्त अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
  • मुकदमे का अन्वेषण पुलिस थाना सदर नाहन द्वारा किया जा रहा है तथा मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच जारी है।

पुलिस अधीक्षक सिरमौर की आमजन से अपील

पुलिस अधीक्षक सिरमौर ने आमजन से अपील की है कि किसी भी व्यक्ति द्वारा शिकायत वापस लेने, सोशल मीडिया पर बदनाम करने, नौकरी से निकलवाने अथवा अन्य किसी प्रकार की धमकी देकर पैसे या कीमती वस्तुओं की मांग किए जाने पर डरें नहीं और न ही ऐसे व्यक्तियों को कोई धनराशि दें। ऐसे अवैध दबाव एवं वसूली के प्रयासों की सूचना तत्काल पुलिस को दें तथा फोन कॉल, संदेश, चैट एवं अन्य डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित रखें। सिरमौर पुलिस ऐसी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए दोषियों के विरुद्ध कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई करेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here