एनडीपीएस मामले में बड़ी कामयाबी, मुख्य सप्लायर गिरफ्तार

0
366

सोलन (नरेंद्र कुमार , संवाददाता ),

जिला सोलन के पुलिस थाना अर्की में दर्ज एनडीपीएस मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। 19 जनवरी 2026 को एनडीपीएस अधिनियम की धाराओं 21 और 29 के तहत दर्ज इस मामले की जांच में अब तक कई अहम खुलासे हुए हैं।

मामले की शुरुआत 18/19 जनवरी की मध्यरात्रि को हुई, जब पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर जगहाना–नालागढ़ मार्ग पर एक टैक्सी को रोका। वाहन में सवार तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनकी उम्र 35, 30 और 43 वर्ष है। ये सभी अर्की क्षेत्र के निवासी हैं। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 7.51 ग्राम हेरोइन बरामद की गई और वाहन को भी जब्त कर लिया गया।

जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर दो अन्य सप्लायरों की पहचान की, जिन्हें पंजाब के मोहाली जिले से गिरफ्तार किया गया। इनके पास से 10 ग्राम हेरोइन बरामद हुई, जिससे कुल बरामदगी 17.51 ग्राम हो गई।

आगे की जांच में बैंक लेनदेन और कॉल डिटेल रिकॉर्ड के विश्लेषण से एक बड़े ड्रग नेटवर्क का खुलासा हुआ। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने 17 अप्रैल 2026 को इस नेटवर्क के मुख्य सप्लायर को पंजाब के फिरोजपुर जिले से गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी को अदालत में पेश कर 4 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस अब उसके आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रही है और पूरे नेटवर्क को उजागर करने के लिए जांच जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here