नाहन (संध्या कश्यप , संवाददाता ),
सिरमौर जिले में बीती रात नाहन विधानसभा क्षेत्र के शंभूवाला की फार्मास्यूटिकल कंपनी सनवेट हेल्थ केयर में अचानक लिफ्ट की तार टूट जाने से एक हादसा पेश आया जहाँ एक 29 वर्षीय युवक की लिफ्ट के साथ नीचे गिर जाने से मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार कम्पनी में लिफ्ट सामान लेकर ऊपर की तरफ जा रही थी। अचानक इसी दौरान लिफ्ट की तार टूट गई और यह हादसा हो गया। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक को नाहन मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया जहाँ इलाज़ के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया। घटना का शिकार हुए मृतक की पहचान टीका राम पुत्र रूप सिंह, निवासी रुखड़ी, जिला सिरमौर के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है। मृतक युवक का शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले किया जायेगा।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि फार्मा इकाई में बीती रात लिफ्ट टूटने से एक युवक की मौत हुई है। प्रबंधन के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। मामले में जांच जारी है।