ब्यूरो रिपोर्ट
। दीपावली के त्योहार के दौरान जहां पूरा प्रदेश रोशनी और खुशियों में डूबा था, वहीं हिमाचल प्रदेश पुलिस की आपातकालीन सेवा 112 के कर्मचारी लोगों की सुरक्षा में मुस्तैद रहे। दिवाली के दौरान आपातकालीन सेवा 112 ने एक ही दिन में 586 आपात घटनाओं पर कार्रवाई कर नया रिकॉर्ड कायम किया। प्रदेश में इस सेवा की शुरुआत के बाद से एक दिन में दर्ज की गई यह अब तक की सर्वाधिक घटनाएं हैं।इन 586 आपात घटनाओं में आग लगने से संबंधित 187 मामले भी शामिल रहे। खास बात यह रही कि आपात घटनाओं की इतनी बड़ी संख्या के बावजूद पुलिस की टीम ने औसतन महज 3 मिनट 37 सेकंड में प्रतिक्रिया दी और जरूरतमंदों तक सहायता पहुंचाने के लिए तत्परता दिखाई।पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, इस उपलब्धि के पीछे आपातकालीन कॉल संभालने वाले कर्मचारियों, सूचना प्रेषित करने वाली टीम, पर्यवेक्षकों और मौके पर पहुंचने वाली पुलिस इकाइयों के बीच बेहतर तालमेल रहा।डीजीपी ने पूरी टीम को दी बधाईहिमाचल प्रदेश के पुलिस महानिदेशक अशोक तिवारी ने ERSS-112 से जुड़ी पूरी टीम को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि जब प्रदेशवासी दीपावली का त्योहार मना रहे थे, उस समय आपातकालीन सेवा के कर्मचारी लोगों की सुरक्षा और सहायता के लिए अपनी ड्यूटी निभा रहे थे।उन्होंने कहा कि एक ही दिन में रिकॉर्ड 586 आपात घटनाओं को संभालना और इसके बावजूद औसतन 3 मिनट 37 सेकंड में प्रतिक्रिया देना कर्मचारियों के समर्पण, कार्यकुशलता और टीम भावना को दर्शाता है।112 सेवा को और मजबूत बनाने पर जोरडीजीपी ने कहा कि हिमाचल प्रदेश पुलिस आपातकालीन सेवा को और अधिक तेज, भरोसेमंद और प्रभावी बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसके तहत निगरानी व्यवस्था को बेहतर बनाने, जवाबदेही बढ़ाने, आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल और कार्यप्रणाली की नियमित समीक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।उन्होंने कहा कि किसी भी आपातकालीन सेवा की सफलता केवल इस बात से तय नहीं होती कि उसने कितनी कॉल संभालीं, बल्कि असली सफलता इस बात में है कि संकट के समय जरूरतमंद व्यक्ति तक कितनी जल्दी और प्रभावी तरीके से मदद पहुंचाई जाती है।हिमाचल प्रदेश पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी आपात स्थिति में सहायता के लिए 112 नंबर पर संपर्क करें। यह सेवा साल के सभी 365 दिन, 24 घंटे उपलब्ध रहती है।