पच्छाद में दर्दनाक हादसा: गौशाला में आग से जिंदा जले 11 पशु, 500 घास के पूले भी राख

0
450

ब्यूरो रिपोर्ट

। जिला सिरमौर के पच्छाद उपमंडल की लाना बाका पंचायत के चनालग गांव में आग लगने से एक किसान परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। यहां एक किसान की गौशाला में अचानक आग लगने से 11 पशुओं की जिंदा जलकर दर्दनाक मौत हो गई। मृत पशुओं में चार बड़े बकरे, छह बकरियां और एक बछड़ी शामिल हैं। इतना ही नहीं, गौशाला में सर्दियों के लिए जमा करके रखे गए करीब 500 घास के पूले भी आग की भेंट चढ़ गए। इस हादसे में किसान परिवार को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।जानकारी के अनुसार चनालग निवासी किसान राजेंद्र सिंह का परिवार शुक्रवार सुबह खेतों में काम करने गया हुआ था। इसी दौरान करीब 11 बजे अचानक उनकी गौशाला में आग भड़क उठी। गौशाला के समीप आग की लपटें उठती देख परिवार के सदस्य तुरंत मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग इतनी तेजी से फैल चुकी थी कि उसे समय रहते काबू नहीं किया जा सका। देखते ही देखते गौशाला में बंधे 11 पशु आग की चपेट में आ गए और उनकी दर्दनाक मौत हो गई।इस हादसे ने किसान परिवार को दोहरी चोट पहुंचाई है। एक तरफ जहां परिवार ने अपने पशुधन को खो दिया, वहीं दूसरी ओर सर्दियों के लिए मेहनत से जुटाकर रखा गया करीब 500 पूलों का चारा भी जलकर पूरी तरह नष्ट हो गया। अचानक हुए इस हादसे से परिवार को लाखों रुपये की आर्थिक क्षति पहुंची है।घटना की सूचना मिलने के बाद लाना बाका पंचायत के प्रधान, उपप्रधान और वार्ड सदस्य ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। इसके अलावा पशुपालन विभाग तथा ग्राम विकास अधिकारी (पटवारी) ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।पंचायत उपप्रधान रणवीर सिंह ने बताया कि गौशाला में अचानक लगी आग से किसान राजेंद्र सिंह को भारी नुकसान हुआ है। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की है कि आपदा प्रबंधन के तहत पीड़ित परिवार को उचित आर्थिक सहायता और मुआवजा प्रदान किया जाए, ताकि इस कठिन समय में परिवार को कुछ राहत मिल सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here