निशेष शर्मा
बेटे की शादी की तैयारियों के बीच एक मां की अचानक मौत ने पूरे परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। जिस घर में 12 नवंबर को बेटे की शादी की शहनाइयां गूंजनी थीं, वहां अब अपनों को खोने का गम पसरा हुआ है। बेटे की शादी का निमंत्रण देने मायके गई मां की दिल का दौरा पड़ने से रास्ते में ही मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना से ग्राम पंचायत थेना बसोत्री सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत थेना बसोत्री के पूर्व प्रधान नरेश कुमार की माता जयमंती देवी अपने बेटे की 12 नवंबर को निर्धारित शादी का निमंत्रण देने मायके सेर जगास गई थीं। वह अपने भाइयों और मायके के अन्य परिजनों को विवाह में शामिल होने का न्योता देने पहुंची थीं। इसी दौरान अचानक उन्हें दिल का दौरा पड़ा। परिजन उन्हें तुरंत उपचार के लिए राजगढ़ अस्पताल ले जाने लगे, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उन्होंने रास्ते में दम तोड़ दिया।जयमंती देवी के निधन की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। जिस मां ने बेटे की शादी को लेकर अनेक सपने संजोए थे और घर में बहू के स्वागत की तैयारियां कर रही थीं, वह बेटे के विवाह की खुशियां देखने से पहले ही दुनिया को अलविदा कह गईं।एक ही दिन गांव में दो घरों में पसरा मातमइस घटना के बीच एक और दुखद संयोग सामने आया। गांव के पूर्व वार्ड सदस्य ओम सिंह की माता का भी बीमारी के चलते पिछली रात निधन हो गया था। गांव के लोग एक परिवार के अंतिम संस्कार की तैयारियों में जुटे थे कि इसी बीच जयमंती देवी के निधन की खबर ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया। एक ही गांव में दो परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूटने से हर आंख नम हो गई और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल बन गया।एक तरफ मां को खोने का असहनीय दुख है, तो दूसरी तरफ 12 नवंबर को बेटे की शादी की तारीख भी निर्धारित है। ऐसे कठिन समय में परिवार के सामने भावनात्मक पीड़ा के साथ पारिवारिक जिम्मेदारियों का भी बड़ा सवाल खड़ा हो गया है।जयमंती देवी के आकस्मिक निधन पर क्षेत्रवासियों ने गहरा शोक व्यक्त किया है तथा शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट की हैं।