शादी की खुशियां मातम में बदलीं, चंबा में खाई में गिरने से युवक की मौत

0
597

ब्यूरो रिपोर्ट

चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में शादी समारोह में शामिल होने आए एक 34 वर्षीय युवक की खाई में गिरने से मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले के बसोहली क्षेत्र के गांव देवसल निवासी जीवन कुमार (34) के रूप में हुई है। वह 6 जुलाई को अपने माता-पिता और पत्नी के साथ चंबा जिले के सेरी नड्डल गांव अपनी बहन पुष्पा देवी की बेटी की शादी में शामिल होने आया था।बताया जा रहा है कि 7 जुलाई को शादी की सभी रस्में और विदाई संपन्न होने के बाद परिवार घर पर ही मौजूद था। शाम के समय जब जीवन कुमार के पिता केहर सिंह ने उन्हें फोन किया तो उन्होंने कॉल रिसीव नहीं की। इसके बाद परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान सड़क किनारे घिसटने के निशान दिखाई दिए और नीचे खाई में एक चप्पल पड़ी मिली। परिजन करीब 100 मीटर गहरी खाई में उतरे, जहां जीवन कुमार गंभीर रूप से घायल और अचेत अवस्था में पड़े मिले।परिजन उन्हें तुरंत उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। प्रारंभिक जांच और परिजनों के बयानों के आधार पर पुलिस इसे हादसा मान रही है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।चंबा के पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने घटना की पुष्टि की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here