संध्या कश्यप नाहन।
पांवटा साहिब। मौसम विभाग द्वारा जारी ऑरेंज अलर्ट के मद्देनज़र सिरमौर जिला प्रशासन ने एहतियातन बड़ा फैसला लिया है। पांवटा साहिब के एसडीएम द्विज गोयल ने शुक्रवार, 10 जुलाई को उपमंडल के सभी शैक्षणिक संस्थानों को बंद रखने के आदेश जारी किए हैं।भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने सिरमौर सहित हिमाचल प्रदेश के कई क्षेत्रों में गरज-चमक, आकाशीय बिजली और अत्यधिक भारी बारिश (Very Heavy Rainfall) की संभावना जताई है। संभावित खराब मौसम और विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।जारी आदेशों के अनुसार पांवटा साहिब उपमंडल के अंतर्गत आने वाले सभी सरकारी एवं निजी स्कूल, जिनमें प्री-प्राइमरी, प्राइमरी, मिडिल, हाई और सीनियर सेकेंडरी स्कूल शामिल हैं, शुक्रवार को बंद रहेंगे। इसके अलावा आंगनबाड़ी केंद्र, प्ले स्कूल तथा अन्य सभी शैक्षणिक संस्थान भी बंद रहेंगे। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।हालांकि प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सभी शिक्षण संस्थानों के प्रधानाचार्य, संस्थान प्रमुख तथा प्रशासनिक और आपातकालीन कार्यों से जुड़े आवश्यक कर्मचारी अपने निर्धारित दायित्वों का निर्वहन करेंगे। सक्षम प्राधिकारी के निर्देशानुसार ऐसे कर्मचारियों को आवश्यकतानुसार ड्यूटी पर उपस्थित रहना होगा।प्रशासन ने अभिभावकों और आम नागरिकों से अपील की है कि मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों का पालन करें, अनावश्यक यात्रा से बचें तथा किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
