जोगिंद्रनगर में जीत का जश्न बना अफरातफरी, उग्र सांड के हमले में 7 लोग घायल

0
23

(ब्यूरो रिपोर्ट ),

जोगिंद्रनगर, मंडी। नगर निकाय चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद रविवार देर शाम जोगिंद्रनगर में जीत का जश्न उस समय अफरातफरी में बदल गया, जब एक उग्र सांड ने भीड़ पर हमला कर दिया। घटना पुलिस थाना के समीप स्थित राजकीय बाल पाठशाला जोगिंद्रनगर के मुख्य गेट के पास हुई।

जानकारी के अनुसार चुनाव परिणाम आने के बाद प्रत्याशी और समर्थक बड़ी संख्या में जश्न मना रहे थे। इसी दौरान सैकड़ों लोगों की भीड़ के बीच अचानक एक सांड बेकाबू हो गया और लोगों पर हमला करते हुए मतगणना स्थल की ओर दौड़ पड़ा। सांड के अचानक हमलावर होने से मौके पर भगदड़ जैसे हालात बन गए।

घटना के दौरान वहां मौजूद पुलिस कर्मियों और चुनाव ड्यूटी से लौट रहे कर्मचारियों ने भागकर अपनी जान बचाई। सांड के हमले में स्थानीय निवासी राज सहित सात लोग घायल हो गए। घायलों में शहरी क्षेत्र के छह अन्य लोग भी शामिल बताए जा रहे हैं। सभी को आंशिक चोटें आई हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सांड के हमले से कुछ देर तक इलाके में दहशत का माहौल बना रहा। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। बाद में स्थानीय लोगों और पुलिस ने स्थिति को संभाला।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने शहर में बढ़ रही लावारिस पशुओं की समस्या पर चिंता जताते हुए प्रशासन से प्रभावी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि बाजार और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में आवारा पशुओं के कारण लगातार हादसों का खतरा बना रहता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here