शिमला में दर्दनाक हादसा: 200 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, पिता-बेटी की मौत, दो घायल

0
578

ब्यूरो रिपोर्ट

शिमला: हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहां एक कार करीब 200 मीटर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में कार सवार पिता और बेटी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बेटा और चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है।जानकारी के अनुसार, यह हादसा ननखड़ी क्षेत्र में ननखड़ी-पुनन सड़क पर जंगल के बीच हुआ। मृतकों की पहचान ननखड़ी तहसील के शौली क्षेत्र के लौहटी गांव निवासी 49 वर्षीय कुंदन लाल और उनकी 16 वर्षीय बेटी आकृति के रूप में हुई है। आकृति 11वीं कक्षा की छात्रा थी। बताया जा रहा है कि शनिवार देर रात परिवार अपने गांव लौट रहा था, तभी ननखड़ी चौक से आगे उनकी कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भयावह था कि पिता और पुत्री ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।हादसे में कुंदन लाल का 12 वर्षीय बेटा अरब और कार चालक 55 वर्षीय सतपाल गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सूचना मिलते ही थाना ननखड़ी पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तुरंत स्थानीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया।प्रारंभिक जांच में पुलिस ने हादसे का कारण लापरवाही से वाहन चलाना बताया है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।इस हृदयविदारक घटना के बाद लौहटी गांव में मातम पसरा हुआ है। एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस हादसे के सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है ताकि दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाया जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here