नालागढ़ में दर्दनाक सड़क हादसा, पुली से नीचे गिरी बाइक; चालक की मौत, एक गंभीर

0
33

(ब्यूरो रिपोर्ट ),

नालागढ़। हिमाचल प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्र नालागढ़ में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। खेड़ा बाबा क्षेत्र में एक बाइक अनियंत्रित होकर पुली से नीचे गिर गई, जिससे चालक की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि पीछे बैठा युवक गंभीर रूप से घायल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार माजरा गांव निवासी रामदेव पुत्र रामलोक और प्रेमचंद बाइक पर सवार होकर घर का सामान लेने जा रहे थे। बाइक रामदेव चला रहे थे, जबकि प्रेमचंद पीछे बैठे थे। जैसे ही वे खेड़ा बाबा के पास स्थित पुली के समीप पहुंचे, अचानक बाइक अनियंत्रित हो गई और सीधे पुली के नीचे जा गिरी।

हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नालागढ़ पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद चंडीगढ़ के सेक्टर-32 अस्पताल रेफर कर दिया।

अस्पताल में उपचार के दौरान बाइक चालक रामदेव ने दम तोड़ दिया, जबकि प्रेमचंद की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है।

मामले में प्रेमचंद के पुत्र बलविंद्र सिंह निवासी माजरा की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। एएसपी अशोक कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। वहीं, शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here