केलांग में धूमधाम से मनाया गया जिला स्तरीय रेड क्रॉस दिवस, 39 लोगों ने किया रक्तदान

0
22

केलांग (रंजीत लाहौली,संवाददाता ),

लाहौल-स्पीति के जिला मुख्यालय केलांग स्थित पुराने सर्किट हाउस में गुरुवार को जिला स्तरीय रेड क्रॉस दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम में उपायुक्त लाहौल-स्पीति किरण भड़ाना ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। आयोजन का मुख्य उद्देश्य मानवता की सेवा और लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना रहा।

इस दौरान आयुष विभाग और स्वास्थ्य विभाग की ओर से विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाए गए, जिनका शुभारंभ उपायुक्त किरण भड़ाना ने किया। उपायुक्त सहित अन्य महिला अधिकारियों ने भी शिविर में स्वास्थ्य जांच करवाकर लोगों को नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के प्रति जागरूक किया।

कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग द्वारा रक्तदान शिविर का आयोजन भी किया गया, जिसमें 39 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। वहीं, पुलिस विभाग की ओर से नशा निवारण पर कार्यशाला आयोजित कर युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी गई।

इससे पहले स्थानीय स्कूलों के विद्यार्थियों ने जागरूकता रैली निकालकर लोगों को स्वास्थ्य और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला केलांग, राजकीय प्राथमिक पाठशाला केलांग और केंद्रीय विद्यालय के छात्रों ने विज्ञान मॉडल प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। साथ ही छात्रों के बीच नारा लेखन और पेंटिंग प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं।

उपायुक्त किरण भड़ाना ने बच्चों के साथ संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया और विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

इस अवसर पर डीएसपी केलांग रश्मि शर्मा, जिला आयुष अधिकारी नताशा ठाकुर, कार्यवाहक मुख्य चिकित्सा अधिकारी मनोज कुमार गांधी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, स्कूली छात्र और स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here