दारचा-शिंकुला मार्ग सभी प्रकार के वाहनों के लिए खुला, प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी

0
16

केलांग (रंजीत लाहौली संवाददाता),

लाहौल-स्पीति जिला प्रशासन ने दारचा-शिंकुला मार्ग को सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया है। जिला दंडाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) लाहौल-स्पीति की चेयरमैन किरण भड़ाना ने इसकी जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि बॉर्डर रोड्स ऑर्गनाइजेशन (BRO) की 126 RCC (GREF) इकाई द्वारा दारचा-शिंकुला मार्ग का क्लीयरेंस कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। BRO के अनुसार यह मार्ग फिलहाल डबल-लेन स्थिति में है और हैवी मोटर व्हीकल (HMVs) तथा लाइट मोटर व्हीकल (LMVs) दोनों के लिए सुरक्षित और उपयुक्त है।

किरण भड़ाना ने कहा कि डिजास्टर मैनेजमेंट एक्ट-2005 की धारा 30 और 34 के तहत प्राप्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए मार्ग को दोनों ओर से सभी वाहनों के लिए खोलने के आदेश जारी किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि सड़क और मौसम की स्थिति को देखते हुए ट्रैफिक प्रबंधन की जिम्मेदारी पुलिस विभाग संभालेगा। साथ ही वाहनों की आवाजाही मौसम और सड़क की वास्तविक स्थिति पर निर्भर करेगी।

जिला प्रशासन ने वाहन चालकों और आम लोगों से अपील की है कि वे जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण लाहौल-स्पीति द्वारा समय-समय पर जारी दैनिक एडवाइजरी का पालन करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here