विकास शर्मा ब्यूरो चीफ शिमला
जिला शिमला के संजौली क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक 15 वर्षीय नाबालिग छात्रा पर जानलेवा हमला किया गया। हालांकि, पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित छात्रा दोपहर के समय स्कूल से अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान एक युवक ने अचानक उस पर पत्थर से हमला कर दिया। हमले में छात्रा गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर तुरंत पुलिस मौके पर पहुंची और घायल छात्रा को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उसका मेडिकल परीक्षण करवाया गया।पुलिस द्वारा दर्ज रुक्का रिपोर्ट के आधार पर थाना संजौली में एफआईआर संख्या 20/2026 दर्ज की गई है। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के साथ-साथ पॉक्सो एक्ट की धारा 18 के तहत केस दर्ज किया गया है।घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी अक्षय ठाकुर, निवासी ढली, को गिरफ्तार कर लिया। शिमला पुलिस के अनुसार आरोपी से पूछताछ जारी है और मामले के हर पहलू की गहन जांच की जा रही है।पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि ऐसी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
