शिमला (विकास शर्मा , ब्यूरो चीफ ),
जिला शिमला पुलिस द्वारा मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत एक महत्वपूर्ण प्रगति करते हुए फॉरवर्ड लिंकेज के आधार पर एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की गई है।
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस थाना ठियोग की टीम द्वारा नंगलदेवी के पास एक कार की तलाशी ली गई, जिसमें कुलदीप वर्मा निवासी नलेहा के कब्जे से 8.340 ग्राम चिट्टा/हेरोईन बरामद किया गया। आरोपी को मौके पर गिरफ्तार कर उक्त अभियोग के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया।
अन्वेषण के दौरान आरोपी कुलदीप वर्मा उर्फ आशू से गहन पूछताछ की गई, जिसमें उसने खुलासा किया कि बरामद चिट्टा/हेरोईन उसने हितेन्द्र मेहता उर्फ रिंकू को सप्लाई करने के उद्देश्य से प्राप्त किया था। इस संबंध में पुलिस द्वारा तकनीकी एवं वित्तीय साक्ष्यों का विश्लेषण किया गया। जांच के दौरान दोनों आरोपियों के बीच व्हाट्सऐप चैट में मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त से संबंधित बातचीत पाई गई, जिससे उनके बीच आपसी समन्वय एवं अवैध कारोबार की पुष्टि हुई। इसके अतिरिक्त हितेन्द्र मेहता द्वारा कुलदीप वर्मा को UPI/ऑनलाइन माध्यम से किए गए भुगतान भी सामने आए, जो इस अवैध लेन-देन को पुष्ट करते हैं।
उपरोक्त साक्ष्यों के आधार पर हितेन्द्र मेहता उर्फ रिंकू की मामले में सक्रिय संलिप्तता स्थापित होने पर, जो कि वर्तमान में JMFC ठियोग में बतौर चपरासी कार्यरत है, उसे विधि अनुसार गिरफ्तार किया गया। साथ ही अभियोग में धारा 29 ND&PS Act भी जोड़ी गई है।
वर्ष 2026 के दौरान जिला शिमला पुलिस द्वारा ND&PS Act के तहत कुल 100 अभियोग दर्ज किए गए हैं, जिनमें 214 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें से 38 आरोपियों को बैकवर्ड एवं फॉरवर्ड लिंकेज के आधार पर गिरफ्तार किया जाना इस बात का प्रमाण है कि पुलिस केवल सतही कार्रवाई तक सीमित नहीं है, बल्कि मादक पदार्थों के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए सुनियोजित एवं प्रभावी कार्रवाई कर रही है।

