( ब्यूरो रिपोर्ट ),
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिला में शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब खेतों में “PIA” लिखा हुआ हवाई जहाज के आकार का एक संदिग्ध गुब्बारा पड़ा मिला। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी।
जानकारी के अनुसार यह मामला चंबा जिले के गुब्डबारा लहौजी के खैरी क्षेत्र स्थित चलाड़ी गांव के पास का है। सुबह के समय एक ग्रामीण अपने पशुओं को चराने के लिए खेतों की ओर गया था, तभी उसकी नजर इस अजीबोगरीब गुब्बारे पर पड़ी। गुब्बारे पर पाकिस्तानी झंडा और विदेशी भाषा में लिखावट देख ग्रामीण घबरा गया और उसने तुरंत गांव के पूर्व प्रधान को इसकी जानकारी दी। इसके बाद पुलिस थाना खैरी को सूचित किया गया।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने सावधानी बरतते हुए गुब्बारे को अपने कब्जे में ले लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए सेना के अधिकारियों को भी मौके पर बुलाया गया, ताकि हर पहलू से जांच की जा सके।
पुलिस प्रशासन ने स्थानीय लोगों को आश्वस्त किया है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है। प्रारंभिक जांच में इसे संदिग्ध वस्तु मानते हुए सभी जरूरी सुरक्षा कदम उठाए जा रहे हैं।
गौरतलब है कि हिमाचल प्रदेश में इस तरह के गुब्बारे पहले भी अलग-अलग जिलों में समय-समय पर देखे जा चुके हैं। फिलहाल पुलिस और सेना संयुक्त रूप से मामले की जांच में जुटी हुई हैं और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि यह गुब्बारा कहां से आया और इसके पीछे क्या उद्देश्य हो सकता है।

