₹10 लाख की ड्रग डील का खुलासा: शिमला पुलिस ने अंबाला से मास्टरमाइंड दबोचा, अब तक 9 गिरफ्तार

0
143

शिमला (विकस शर्मा ,ब्यूरो चीफ ),
शिमला पुलिस द्वारा मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। FIR नंबर 80/2025 (दिनांक 22.08.2025) के तहत थाना रामपुर में दर्ज मामले की जांच के दौरान पुलिस ने बैकवर्ड लिंकिज स्थापित करते हुए एक और अहम आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस जांच में सामने आया कि पहले गिरफ्तार किए गए तीन आरोपियों से 17.150 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद की गई थी। इस मामले की गहन जांच, तकनीकी विश्लेषण और वित्तीय लेन-देन की पड़ताल के बाद आरोपी करण (उम्र 34 वर्ष) को 13 अप्रैल 2026 को अंबाला (हरियाणा) से गिरफ्तार किया गया।
जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी करण का सह-अभियुक्तों, खासकर एक मुख्य आरोपी के साथ सीधा संपर्क था। दोनों के बीच करीब ₹10 लाख के लेन-देन के साक्ष्य मिले हैं। पुलिस के अनुसार, करण ड्रग नेटवर्क में फंडिंग, लेन-देन और पूरे ऑपरेशन के समन्वय में सक्रिय भूमिका निभा रहा था, जिससे उसकी संलिप्तता ND&PS Act की धारा 29 (षड्यंत्र) के तहत स्थापित हुई है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पंचकूला और आसपास के थानों में ND&PS Act के तहत पहले से कई मामले दर्ज हैं, जिससे यह साफ होता है कि वह लंबे समय से नशा तस्करी में सक्रिय रहा है।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे 16 अप्रैल 2026 तक पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।
इस मामले में अब तक कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनमें किन्नौर और रामपुर क्षेत्र से पहले पकड़े गए कई आरोपी भी शामिल हैं।
शिमला पुलिस ने साफ किया है कि यह कार्रवाई केवल गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे ड्रग नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए लगातार प्रयास जारी हैं। आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here