10 हजार लगवाकर लौटाए 20 हजार, फिर बुजुर्ग को लगाया 1.29 करोड़ का चूनापहले छोटी रकम पर दिया दोगुना मुनाफा, फिर व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए बुना ठगी का जाल; शेयर बाजार में निवेश के नाम पर सेवानिवृत्त अधिकारी को बनाया निशाना

0
30

ब्यूरो रिपोर्ट

शिमला। साइबर ठग लोगों की जीवनभर की कमाई पर हाथ साफ करने के लिए अब नए-नए तरीके अपना रहे हैं। पहले छोटी रकम पर मुनाफा देकर भरोसा जीतना और फिर करोड़ों रुपये की ठगी को अंजाम देना साइबर अपराधियों का नया हथकंडा बनता जा रहा है। ऐसा ही एक मामला राजधानी शिमला से सामने आया है, जहां गोल्ड ट्रेडिंग और शेयर बाजार में मोटे मुनाफे का लालच देकर साइबर ठगों ने एक सेवानिवृत्त अधिकारी को 1 करोड़ 29 लाख रुपये का चूना लगा दिया।जानकारी के अनुसार पीड़ित बुजुर्ग ने सोशल मीडिया पर गोल्ड ट्रेडिंग और शेयर बाजार का प्रशिक्षण देने से संबंधित एक विज्ञापन देखा। विज्ञापन में दिए गए लिंक पर क्लिक करते ही उन्हें एक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ दिया गया। इस ग्रुप में कुछ दिनों तक शेयर बाजार में निवेश करने के तरीके बताए गए और मोटा मुनाफा कमाने के सपने दिखाए गए।ठगों ने शुरुआत में बुजुर्ग से महज 10 हजार रुपये निवेश करवाए। कुछ ही दिनों में निवेश की रकम बढ़कर 20 हजार रुपये हो गई और यह राशि उन्हें वापस भी कर दी गई। शुरुआती निवेश पर दोगुना पैसा मिलने से बुजुर्ग का भरोसा ठगों पर पूरी तरह बढ़ गया। इसके बाद साइबर अपराधियों ने उन्हें बड़ी रकम निवेश करने के लिए प्रोत्साहित करना शुरू कर दिया।ठगों के झांसे में आकर बुजुर्ग ने अलग-अलग किस्तों में कुल 1 करोड़ 29 लाख रुपये उनके बताए गए बैंक खातों में जमा करवा दिए। शुरुआत में उन्हें लगातार मोटे मुनाफे का भरोसा दिलाया जाता रहा, लेकिन जब रकम वापस मांगने की नौबत आई तो ठगों ने शेयर बाजार में भारी गिरावट का हवाला देते हुए नुकसान होने की बात कही। इतना ही नहीं, नुकसान की भरपाई के नाम पर उनसे और पैसे जमा करवाने का दबाव भी बनाया गया।इसके बाद पीड़ित को अपने साथ हुई धोखाधड़ी का एहसास हुआ और उन्होंने साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करवाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर क्राइम थाना शिमला में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।वहीं, पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर मिलने वाले अनजान निवेश विज्ञापनों और व्हाट्सएप ग्रुपों के झांसे में न आएं। शेयर बाजार या गोल्ड ट्रेडिंग में निश्चित और गारंटीड मुनाफे का दावा करने वालों से सतर्क रहें। किसी भी अनजान व्यक्ति या संस्था के बताए बैंक खाते में बिना पूरी जांच-पड़ताल के पैसा जमा न करवाएं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here