बद्दी में जुए के अड्डे पर पुलिस की बड़ी रेड, 10 जुआरी रंगे हाथों गिरफ्तार; मौके से 9.18 लाख रुपये बरामद

0
38

ब्यूरो रिपोर्ट

औद्योगिक क्षेत्र बद्दी में जुआ और सट्टे के अवैध कारोबार के खिलाफ जिला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस थाना बद्दी और स्पेशल सेल की संयुक्त टीम ने बिग बाजार के समीप एक दुकान में अचानक दबिश देकर जुए के अड्डे का भंडाफोड़ किया। इस दौरान ताश के पत्तों पर पैसों की बाजी लगा रहे 10 व्यक्तियों को पुलिस ने मौके पर ही रंगे हाथों गिरफ्तार किया। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है।जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बिग बाजार के समीप स्थित एक दुकान में जुए का अवैध कारोबार चलाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस थाना बद्दी और स्पेशल सेल की संयुक्त टीम ने योजनाबद्ध तरीके से दुकान में औचक दबिश दी। पुलिस टीम जब दुकान के भीतर पहुंची तो वहां 10 व्यक्ति ताश के पत्तों पर पैसों का दांव लगाते हुए पाए गए। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सभी को मौके पर ही काबू कर लिया।तलाशी के दौरान पुलिस ने मौके से 9 लाख 18 हजार रुपये की नकदी और ताश के पत्ते बरामद किए। पुलिस ने बरामद नकदी और अन्य सामग्री को कब्जे में लेकर नियमानुसार आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।इस संबंध में डीएसपी योगराज चंदेल ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि बद्दी क्षेत्र में जुआ और सट्टे जैसी अवैध गतिविधियों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।पुलिस ने पकड़े गए सभी 10 आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना बद्दी में जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले में आगामी अन्वेषण जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here