ब्यूरो रिपोर्ट
शिलाई (सिरमौर)। जिला सिरमौर के शिलाई क्षेत्र में गोली मारकर की गई खजान सिंह की हत्या के मामले में पुलिस को एक और बड़ी कामयाबी मिली है। मामले की गहन जांच के बाद सिरमौर पुलिस की विशेष जांच टीम (SIT) ने दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक पुरुष और एक महिला शामिल हैं। इससे पहले पुलिस इस मामले के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर चुकी है। इस तरह अब तक हत्याकांड में तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 10 नवंबर 2026 को खजान सिंह निवासी गांव क्यारटा पिपलटी, डाकघर जामू कोटी, तहसील ददाहू की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस वारदात के बाद पुलिस थाना शिलाई में 11 नवंबर को अभियोग संख्या 67/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 109(1), 115(2) और आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत मामला दर्ज किया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच तेज की और 18 नवंबर को मुख्य आरोपी विनोद पुत्र ग्यार सिंह निवासी गांव कथयाड, डाकघर टिम्बी, तहसील शिलाई को गिरफ्तार किया था। इसके बाद SIT टीम ने जांच को आगे बढ़ाते हुए वारदात में अन्य लोगों की संलिप्तता से जुड़े साक्ष्य जुटाए।
इसी आधार पर पुलिस ने 22 नवंबर को विशाल कुमार पुत्र पूरन चंद निवासी मोहल्ला अमरपुर, शिवपुरी मार्ग, नाहन तथा फरिह्या शेख पत्नी अंजुमान शेख निवासी घुन्नू घाट, नाहन को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, दोनों गिरफ्तार आरोपियों को आज माननीय अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा। मामले में आरोपियों की भूमिका और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं को लेकर आगामी जांच जारी है।