सर्पदंश से दो मासूम भाई-बहन की मौत, एक ही घर के बुझ गए दो चिराग

0
1481

ब्यूरो रिपोर्ट

मंडी। जिला मंडी के कोटली क्षेत्र के सेहली गांव में सर्पदंश की दर्दनाक घटना में एक ही परिवार के दो मासूम भाई-बहन की मौत हो गई। मृतकों की पहचान 9 वर्षीय काव्या और उसके 6 वर्षीय छोटे भाई नक्ष के रूप में हुई है। इस हृदयविदारक घटना के बाद सेहली गांव सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार देर शाम दोनों बच्चे रोज की तरह घर लौटे थे। परिवार के साथ खाना खाने के बाद दोनों घर में खेलते रहे और रात करीब 9:30 बजे अपने कमरे में सोने चले गए। शनिवार तड़के करीब 2:30 बजे अचानक काव्या की नींद खुली और उसने पेट में तेज दर्द की शिकायत की। कुछ ही देर बाद उसके छोटे भाई नक्ष ने भी पेट में अत्यधिक दर्द होने की बात कही। परिजनों ने शुरुआत में इसे सामान्य पेट दर्द समझा, लेकिन दोनों बच्चों की हालत लगातार बिगड़ने लगी।
इसी दौरान परिजनों की नजर घर के मुख्य दरवाजे के पास एक बड़े काले सांप पर पड़ी। सांप को देखते ही परिजनों को बच्चों के सर्पदंश का अंदेशा हुआ। वे दोनों बच्चों को तुरंत जोनल अस्पताल मंडी ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें नेरचौक मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि नेरचौक मेडिकल कॉलेज पहुंचने तक दोनों बच्चों की सांसें थम चुकी थीं। अस्पताल में आपातकालीन चिकित्सक ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम के दौरान चिकित्सकों ने दोनों बच्चों की मौत का कारण सांप के विष के शरीर में फैलना बताया है। आवश्यक कानूनी नमूने लेकर उन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। एसपी मंडी विनोद कुमार ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद दोनों बच्चों के शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here