ब्यूरो रिपोर्ट
सांसद एवं अभिनेत्री कंगना रनौत की ओर से गांधी परिवार को लेकर सोशल मीडिया पर की गई पोस्ट के मामले में हिमाचल प्रदेश पुलिस ने शिमला में एफआईआर दर्ज की है। कांग्रेस नेता सोनिया गांधी और उनके परिवार को लेकर की गई कथित टिप्पणियों को शिकायतकर्ता ने भड़काऊ बताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की थी।शिमला निवासी अतुल शर्मा की शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 196, 353 और 356 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अधीक्षक शिमला गौरव सिंह ने एफआईआर दर्ज होने की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले में आगामी जांच की जाएगी।शिकायतकर्ता अतुल शर्मा के अनुसार, कंगना रनौत के सत्यापित सोशल मीडिया अकाउंट से 10 नवंबर को की गई पोस्ट में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी, संजय गांधी और राजीव गांधी की मौत को लेकर कथित तौर पर भड़काऊ टिप्पणियां की गई थीं।शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि पोस्ट में सोनिया गांधी को ‘रहस्यमय विदेशी नागरिक’ बताते हुए उनके रिश्तेदारों की हत्याओं और उनके सरकार की मुखिया बनने को लेकर भी टिप्पणी की गई थी।शिकायतकर्ता ने आशंका जताई कि इस तरह की टिप्पणियों से सामाजिक एवं राजनीतिक माहौल प्रभावित हो सकता है और सार्वजनिक शांति भंग होने की स्थिति पैदा हो सकती है। फिलहाल पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और अब जांच के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट होगी।