नरेंद्र कुमार सोलन।
सोलन: जिला पुलिस की SIU टीम ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जाबली-ओच्छघाट के समीप एक किराये के कमरे से 26.63 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद किया है। पुलिस ने मौके से तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। तलाशी के दौरान पुलिस को नशीले पदार्थ के अलावा डिजिटल वेइंग मशीन भी बरामद हुई है।पुलिस के अनुसार, 1 और 2 सितंबर की मध्यरात्रि SIU टीम को गुप्त सूचना मिली थी, जिसके आधार पर जाबली-ओच्छघाट के समीप स्थित एक चार मंजिला भवन की धरातल मंजिल में बने किराये के कमरे में दबिश दी गई। तलाशी के दौरान कमरे में रह रहे तीन युवकों के कब्जे से 26.63 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 22 वर्षीय प्रभात शर्मा निवासी बडोग, अर्की, जिला सोलन, 32 वर्षीय विशाल जायदका तथा 24 वर्षीय अभिषेक ठाकुर, दोनों निवासी नूहों कॉलोनी, घनौली, जिला रूपनगर, पंजाब के रूप में हुई है।पुलिस ने तीनों आरोपियों को नियमानुसार गिरफ्तार कर पुलिस थाना सदर सोलन में मामला दर्ज किया है। तीनों आरोपियों को 2 सितंबर को न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस अब आरोपियों के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की जांच करने के साथ-साथ यह भी पता लगाने में जुटी है कि बरामद चिट्टा कहां से लाया गया था और इसके पीछे किसी अन्य व्यक्ति या नशा तस्करी नेटवर्क की भूमिका है या नहीं।मामले में पुलिस का आगामी अन्वेषण जारी है।