ब्यूरो रिपोर्ट
पुलिस के अनुसार, 24 अक्टूबर की रात करीब 8 बजकर 37 मिनट पर SDM नाहन के मोबाइल फोन पर व्हाट्सएप कॉल आई। कॉल करने वाले अज्ञात व्यक्ति ने कथित तौर पर धमकी दी कि यदि 25 अक्टूबर को वाल्मीकि जयंती के अवसर पर निकलने वाले जुलूस का रूट बदला गया तो इसके गंभीर परिणाम भुगतने पड़ेंगे।शिकायत मिलने के बाद पुलिस थाना नाहन में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 351(2) के तहत अभियोग दर्ज किया गया है। पुलिस कॉल करने वाले व्यक्ति की पहचान करने के लिए तकनीकी जांच और कॉल डिटेल का विश्लेषण कर रही है।वहीं, नाहन शहर में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने और वाल्मीकि जयंती जुलूस को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के लिए पुलिस ने आवश्यक प्रबंध किए हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सरकारी अधिकारी को धमकाने या कानून व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।