नरेंद्र कुमार सोलन।
सोलन: जिला पुलिस की SIU टीम ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए माड़ो-मटकंडा स्थित मानसरोवर ढाबा में दबिश देकर दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 6.80 ग्राम चिट्टा/हेरोइन और Proxyco SPAS (Tramadol) के 28 कैप्सूल बरामद किए हैं।पुलिस के अनुसार, 6 सितंबर की रात गुप्त सूचना के आधार पर SIU टीम ने मानसरोवर ढाबा में कार्रवाई की। इस दौरान वहां मौजूद दोनों युवकों की तलाशी ली गई, जिसमें उनके पास से उक्त नशीले पदार्थ बरामद हुए। बरामदगी के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ पुलिस थाना धर्मपुर में NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 35 वर्षीय तुषार चौहान निवासी खांगटा, टिक्कर, जिला शिमला तथा 23 वर्षीय ऋतिक निवासी दरोटी, टिक्कर, जिला शिमला के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों को 7 सितंबर को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें पूछताछ और मामले की जांच के लिए चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।पुलिस जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि आरोपी तुषार चौहान के खिलाफ पुलिस थाना रोहड़ू में पहले से चार मामले दर्ज हैं। इनमें दो मामले NDPS एक्ट, एक आर्म्स एक्ट तथा एक मारपीट से संबंधित मामला शामिल है।पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों के पास नशीले पदार्थ कहां से पहुंचे और इनके पीछे किसी बड़े नशा तस्करी नेटवर्क की भूमिका तो नहीं है। मामले में आगामी जांच जारी है।