दर्दनाक हादसा! शाहतलाई में श्रद्धालुओं से भरी बस पलटी, 2 की मौत; कई घायल

0
220

ब्यूरो रिपोर्ट

शाहतलाई। बाबा बालक नाथ जी की तपोभूमि शाहतलाई के समीप रविवार को पंजाब से आए श्रद्धालुओं से भरी एक निजी बस भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। हादसे में दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि कई अन्य यात्री घायल बताए जा रहे हैं। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।जानकारी के अनुसार बस संख्या PB-03BJ-9755 पंजाब के अमृतसर से श्रद्धालुओं को बाबा बालक नाथ जी के दर्शन करवाने के लिए शाहतलाई आई थी। दर्शन करने के बाद श्रद्धालु बस से वापस अमृतसर लौट रहे थे। इसी दौरान शाहतलाई के समीप चालक बस पर नियंत्रण खो बैठा और बस सड़क पर पलट गई।हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस थाना तलाई की टीम, टैक्सी यूनियन शाहतलाई के सदस्य और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर निजी वाहनों और टैक्सियों के माध्यम से उपचार के लिए विभिन्न अस्पतालों में भेजा गया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के समय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहतलाई में तत्काल उपचार की सुविधा उपलब्ध नहीं थी, जिसके चलते घायलों को अन्य अस्पतालों में ले जाना पड़ा।जिला बिलासपुर के उपायुक्त राहुल कुमार ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटना में दो लोगों की मौत हुई है। पुलिस, प्रशासन, टैक्सी यूनियन और स्थानीय लोग राहत एवं बचाव कार्य में जुटे रहे। घायलों को शीघ्र उपचार उपलब्ध करवाया जा रहा है। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here