800 लोगों की डाक दबाकर बैठा था डाकिया, कमरे से मिले कॉल लेटर और ATM कार्ड

0
396

ब्यूरो रिपोर्ट।

हमीरपुर। अगर आप भी लंबे समय से अपनी जरूरी डाक, नौकरी के कॉल लेटर या बैंक के एटीएम कार्ड का इंतजार कर रहे हैं, तो यह खबर आपको चौंका सकती है। हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले में डाक विभाग के एक ग्रामीण डाक सेवक की गंभीर लापरवाही सामने आई है। डाकिए ने करीब दो महीने तक सैकड़ों लोगों की डाक उनके घरों तक पहुंचाई ही नहीं। विभागीय जांच के दौरान उसके किराए के कमरे से करीब 800 लोगों की डाक बरामद हुई है।मामला जिले के उप डाकघर भलेठ के तहत आने वाली करोट डाक शाखा का है। यहां तैनात ग्रामीण डाक सेवक साहिल, जो मूल रूप से हरियाणा का रहने वाला बताया जा रहा है, पर करीब 20 गांवों में डाक बांटने की जिम्मेदारी थी। आरोप है कि वह डाकघर से डाक तो प्राप्त करता था, लेकिन कुछ डाक बांटने के बाद बाकी डाक को अपने किराए के कमरे में रख देता था।बरामद डाक में नौकरी के कॉल लेटर, आधार कार्ड, पैन कार्ड, एटीएम कार्ड समेत कई महत्वपूर्ण सरकारी दस्तावेज शामिल हैं। इनमें करीब 200 पंजीकृत और 600 सामान्य डाक बताई जा रही हैं। डाक समय पर न मिलने के कारण कई युवाओं को नौकरी से संबंधित जरूरी इंटरव्यू या परीक्षाओं से वंचित होना पड़ा हो सकता है।शिकायतों के बाद हुआ खुलासाविभाग को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि क्षेत्र के लोगों को उनकी डाक समय पर नहीं मिल रही है। इसके बाद डाक निरीक्षक ने 16 जुलाई को करोट डाक शाखा का औचक निरीक्षण किया। रिकॉर्ड की जांच के दौरान कई डाक को सिस्टम में होल्ड पर दिखाया गया था।अधिकारियों ने जब संबंधित लोगों से फोन पर क्रॉस-चैक किया, तो कई लोगों ने बताया कि उन्हें डाक मिली ही नहीं। वहीं कुछ लोगों ने बताया कि डाक तो मिली, लेकिन डाकिए ने उनसे प्राप्ति के हस्ताक्षर तक नहीं करवाए।इसके बाद अधिकारियों ने ग्रामीण डाक सेवक के किराए के कमरे की तलाशी ली। तलाशी के दौरान वहां डाक और महत्वपूर्ण दस्तावेजों का ढेर देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए।डाकिए को किया निलंबितहमीरपुर मंडल के वरिष्ठ डाक अधीक्षक केएस चौहान ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि ग्रामीण डाक सेवक के कमरे से पिछले दो महीने की करीब 800 डाक बरामद हुई है। गंभीर लापरवाही के आरोप में डाक सेवक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।वहीं, बरामद की गई डाक को अब विभागीय कर्मचारियों की मदद से संबंधित लोगों तक पहुंचाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। विभाग की ओर से डाक को उसके असली हकदारों तक पहुंचाने का काम तेजी से किया जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here