केरल के वायनाड भूस्खलन हादसे में हिमाचल के राहुल शर्मा का शव बरामद, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

0
46

मंडी ( नितेश सेनी , संवाददाता ),

केरल के वायनाड जिला के निथर क्षेत्र में हुए भीषण भूस्खलन हादसे में लापता हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला स्थित रिवालसर निवासी इंजीनियर राहुल शर्मा का शव चौथे दिन बरामद हो गया। शव मिलने के साथ ही परिवार की अंतिम उम्मीद भी टूट गई और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। राहुल शर्मा वायनाड में बतौर इंजीनियर कार्यरत थे। भूस्खलन के दौरान वह मलबे की चपेट में आ गए थे और तब से लापता थे। पिछले चार दिनों से राहत एवं बचाव दल लगातार उनकी तलाश में जुटे हुए थे। आखिरकार गुरुवार को उनका शव मलबे से बरामद कर लिया गया।
हादसे की सूचना मिलते ही राहुल के पिता और मामा केरल पहुंच गए थे। उनकी पत्नी पहले से ही घटनास्थल पर मौजूद थीं और बचाव अभियान की हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए थीं। परिवार को अंतिम समय तक किसी चमत्कार की उम्मीद थी, लेकिन शव मिलने की खबर ने सभी को गहरे सदमे में डाल दिया।

राहुल के घर में मातम पसरा हुआ है। मां का रो-रोकर बुरा हाल है। बेटे की याद में उनकी आंखों से आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे। पिता भी गहरे सदमे में हैं। राहुल की बहन भाई को याद कर बिलख रही है। पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और रिश्तेदार लगातार उन्हें ढांढस बंधाने का प्रयास कर रहे हैं।

सबसे मार्मिक बात यह है कि राहुल शर्मा का विवाह इसी वर्ष मार्च महीने में पूरे हर्षोल्लास के साथ हुआ था। परिवार ने नई बहू का स्वागत किया था और नई जिंदगी की शुरुआत हुई थी, लेकिन शादी के कुछ ही महीनों बाद यह दर्दनाक हादसा पूरे परिवार की खुशियां छीन ले गया। राहुल के छोटे भाई के भी दुबई से भारत लौटने की सूचना है।

वही, दूरभाष के माध्यम से जब राहुल शर्मा के मामा रामवीर से बातचीत हुई तो उन्होंने कहा कि राहुल का शव बरामद हो गया है।

उधर, वायनाड में राहत एवं बचाव कार्य जारी है और प्रशासन अन्य लापता लोगों की तलाश में जुटा हुआ है।

राहुल शर्मा के निधन की खबर से मंडी जिला के रिवालसर क्षेत्र सहित पूरे हिमाचल प्रदेश में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों और परिचितों ने दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिवार को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here