10वीं में 666 अंक लाने वाले कनिष्क ठाकुर बने एक दिन के एसडीएम भरमौर

0
30

भरमौर ( ओपी शर्मा , संवाददाता ),

जनजातीय उपमंडल भरमौर के मेधावी छात्र कनिष्क ठाकुर को उनकी उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धि के लिए भरमौर प्रशासन ने एक दिन के लिए एसडीएम (उपमंडलाधिकारी) का दायित्व सौंपकर सम्मानित किया। प्रशासन की इस अभिनव पहल का उद्देश्य प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करना और उन्हें प्रशासनिक व्यवस्था एवं जनसेवा की कार्यप्रणाली से परिचित कराना है।

कनिष्क ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश विद्यालय शिक्षा बोर्ड की दसवीं कक्षा की वार्षिक परीक्षा में 700 में से 666 अंक प्राप्त कर भरमौर क्षेत्र में सर्वोच्च स्थान हासिल किया। वह भरमौर उपमंडल के मलकौता निवासी सुभाष चंद एवं इंदू बाला के पुत्र हैं। उनकी प्रारंभिक एवं माध्यमिक शिक्षा शिवालिक पब्लिक हाई स्कूल, भरमौर में हुई। दसवीं के बाद उनका चयन बहु-तकनीकी संस्थान के विद्युत अभियांत्रिकी (इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग) विभाग में हुआ है।

इस अवसर पर अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी भरमौर विकास शर्मा ने कनिष्क ठाकुर को एक दिन के लिए एसडीएम की कुर्सी पर बैठाकर प्रशासनिक व्यवस्था, निर्णय प्रक्रिया और जनसेवा से जुड़े विभिन्न दायित्वों की जानकारी दी।

एडीएम विकास शर्मा ने कहा कि जनजातीय क्षेत्रों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को इस प्रकार सम्मानित करना आवश्यक है, ताकि उनका आत्मविश्वास बढ़े और वे भविष्य में उच्च प्रशासनिक सेवाओं सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित हों। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास युवाओं में बड़े लक्ष्य निर्धारित करने की भावना को सशक्त बनाते हैं।

एक दिन के लिए एसडीएम की जिम्मेदारी संभालने के बाद कनिष्क ठाकुर ने इसे अपने जीवन का अविस्मरणीय अनुभव बताया। उन्होंने कहा कि इस सम्मान से उन्हें भविष्य में उच्च प्रशासनिक सेवाओं में जाने की नई प्रेरणा और आत्मबल मिला है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता तथा शिवालिक पब्लिक हाई स्कूल के शिक्षक वर्ग को दिया।

इस अवसर पर कनिष्क के पिता सुभाष चंद ने भरमौर प्रशासन, विशेषकर अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी विकास शर्मा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान केवल उनके पुत्र का नहीं, बल्कि पूरे परिवार और क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है। वहीं, शिवालिक पब्लिक हाई स्कूल, भरमौर के निदेशक अजय चौहान ने खुशी जताते हुए कहा कि कनिष्क जैसे विद्यार्थी विद्यालय, क्षेत्र और प्रदेश का नाम रोशन करते हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि कनिष्क भविष्य में भी बड़ी उपलब्धियां हासिल कर समाज और देश का नाम रोशन करेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here