ब्यूरो रिपोर्ट
बैजनाथ उपमंडल के चौबीन क्षेत्र में एक युवक द्वारा फंदा लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मौके से एक हस्तलिखित सुसाइड नोट बरामद कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान शुभकरण पुत्र रघुबीर सिंह निवासी चौबीन के रूप में हुई है।जानकारी के अनुसार युवक का शव घर के एक कमरे में फंदे से लटका हुआ मिला। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसे कब्जे में लेकर जांच की जा रही है।प्रारंभिक जांच में प्रेम-प्रसंग को आत्महत्या का संभावित कारण माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि युवक का एक युवती के साथ प्रेम संबंध था, लेकिन युवती के परिजनों की आपत्ति के चलते दोनों का विवाह नहीं हो सका। इसी बात से आहत होकर युवक द्वारा आत्मघाती कदम उठाने की आशंका जताई जा रही है।पुलिस ने घटनास्थल से आत्महत्या में प्रयुक्त दुपट्टा, मफलर और सुसाइड नोट कब्जे में ले लिया है। परिजनों ने भी मामले में किसी प्रकार का संदेह व्यक्त नहीं किया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल बैजनाथ भेज दिया गया है।पुलिस बीएनएसएस की धारा 194 के तहत कार्रवाई अमल में लाते हुए मामले की जांच कर रही है।
