ब्यूरो रिपोर्ट।
मंडी जिले में महिलाओं के साथ मारपीट के दो अलग-अलग मामले सामने आए हैं। दोनों मामलों में पीड़ित महिलाओं की शिकायत पर पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पहला मामला पुलिस थाना हटली का है, जहां एक महिला ने अपने पति, सास और ससुर पर मारपीट का आरोप लगाया है। पुलिस के अनुसार शिकायतकर्ता तनुजा पत्नी सौरभ वर्मा, निवासी गांव बतैल, तहसील बलद्वाड़ा जिला मंडी ने शिकायत में बताया कि 8 जून की शाम वह अपनी माता और बहन के साथ ससुराल गई थी। आरोप है कि वहां उसके पति सौरभ वर्मा, सास शीतला देवी और ससुर हेमराज ने उसके साथ मारपीट की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।वहीं दूसरा मामला सुंदरनगर क्षेत्र का है। यहां मोनिका निवासी गांव गोरन, डाकघर जडोल, तहसील सुंदरनगर ने अपनी सास और ननद के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है। महिला का आरोप है कि दोनों ने रास्ते में उसे रोककर गाली-गलौज की, मारपीट की तथा उसके कपड़े फाड़ दिए। शिकायत के आधार पर पुलिस थाना सुंदरनगर में मामला दर्ज कर लिया गया है।डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि शिकायतों के आधार पर केस दर्ज कर लिए गए हैं और दोनों मामलों की गहनता से जांच की जा रही है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के अनुसार आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।