मतदान केंद्र पहुंचने से पहले थम गई सांसें

0
205

चम्बा (ओपी शर्मा , संवाददाता ),

चम्बा। नगर परिषद चम्बा चुनाव के दौरान लोकतंत्र के महापर्व का उत्साह उस समय मातम में बदल गया, जब मतदान करने जा रहे एक बुजुर्ग की रास्ते में ही अचानक मौत हो गई। जनसाली वार्ड निवासी 70 वर्षीय अंजनी शर्मा अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए घर से मतदान केंद्र की ओर निकले थे, लेकिन किसे पता था कि यह सफर उनका आखिरी सफर साबित होगा।

जानकारी के अनुसार अंजनी शर्मा मतदान केंद्र से कुछ किलोमीटर की दूरी पर पहुंचे ही थे कि अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वह सड़क पर गिरकर बेहोश हो गए, जिसके बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत उन्हें संभाला और बिना देरी किए मेडिकल कॉलेज चम्बा पहुंचाया। हालांकि अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार प्रारंभिक तौर पर हृदय गति रुकना मौत का कारण माना जा रहा है।

घटना की खबर फैलते ही जनसाली वार्ड सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। मतदान के दिन हुए इस दुखद हादसे ने चुनावी माहौल को गमगीन कर दिया। सूचना मिलते ही परिजन बदहवास हालत में मेडिकल कॉलेज पहुंचे, वहीं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी अस्पताल में एकत्रित हो गए।

स्थानीय लोगों ने बताया कि अंजनी शर्मा लोकतंत्र के प्रति बेहद जागरूक व्यक्ति थे और हर चुनाव में बढ़-चढ़कर मतदान करते थे। लोगों का कहना है कि वोट डालने के लिए निकले बुजुर्ग की इस तरह अचानक हुई मौत ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। वहीं प्रशासन और चुनाव ड्यूटी में तैनात अधिकारियों ने भी घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here