सोलन ( नरेंद्र कुमार , संवाददाता ),
सोलन जिला पुलिस की एसआईयू टीम ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक और युवती को चिट्टा सहित गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार 10 और 11 मई 2026 की रात गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने शमलेच के समीप नाकाबंदी कर परवाणू-धर्मपुर की ओर से सोलन आ रही एक टाटा टियागो कार को जांच के लिए रोका। तलाशी के दौरान गाड़ी में सवार युवक और युवती के कब्जे से 12.43 ग्राम चिट्टा, जिसे हेरोइन भी कहा जाता है, बरामद किया गया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों की पहचान रवि कुमार निवासी रबोन, जिला सोलन और साक्षी शर्मा निवासी शिलाई, जिला सिरमौर के रूप में की है। मौके पर ही दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस थाना सदर सोलन में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान प्रयुक्त वाहन को भी कब्जे में ले लिया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। फिलहाल पुलिस दोनों से गहन पूछताछ कर रही है और उनके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।
