सिरमौर के टटियाना में अनोखी परंपरा: लकी ड्रॉ से चुने गए पंचायत प्रतिनिधि,

0
89

ब्यूरो रिपोर्ट।

शिलाई विधानसभा क्षेत्र के शाटी पाशी का चौंतरा और ग्राम पंचायत टटियाना में एक अनोखी और ऐतिहासिक परंपरा को आगे बढ़ाते हुए पंचायत प्रतिनिधियों का चयन सर्वसम्मति से लकी ड्रॉ के माध्यम से किया गया। यह पूरी प्रक्रिया महासू महाराज मंदिर टटियाना के प्रांगण में आयोजित की गई, जहां ग्रामीणों की मौजूदगी में महासू महाराज को साक्षी मानकर चयन संपन्न हुआ।इस दौरान प्रधान पद के लिए पूनम शर्मा, उपप्रधान पद के लिए दाता राम शर्मा और बीडीसी सदस्य के रूप में प्रियंका शर्मा का चयन किया गया।गौरतलब है कि गांव में यह अनूठी व्यवस्था वर्ष 2020 में शुरू की गई थी। इसके तहत गांव के चार बेड़ों (परिवार समूहों) से नामित प्रतिनिधियों के नाम पर्चियों में डालकर लॉटरी के माध्यम से चयन किया जाता है। लगातार दूसरी बार इसी प्रक्रिया के तहत पंचायत प्रतिनिधियों का चुनाव किया गया है।गांव के निवासी डॉ. अनिल शर्मा के अनुसार इस व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य गांव में आपसी भाईचारा बनाए रखना, चुनावी खर्च को कम करना और बिना किसी विवाद के शांतिपूर्ण तरीके से प्रतिनिधियों का चयन करना है। उनका कहना है कि पारंपरिक चुनावों में जहां प्रतिस्पर्धा और मतभेद बढ़ जाते हैं, वहीं इस प्रणाली से सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित होती है।पूरी चयन प्रक्रिया को गांव की प्रज्ञा मंडल, नव युवक मंडल, महासू मंदिर समिति और महिला मंडल ने मिलकर सफलतापूर्वक संपन्न किया। चयन के बाद सभी प्रतिनिधियों को ईमानदारी और निष्पक्षता से कार्य करने तथा गांव के समग्र विकास के लिए प्रयासरत रहने की शपथ दिलाई गई। साथ ही यह भी तय किया गया कि ये समितियां समय-समय पर उनके कार्यों की निगरानी करेंगी और आवश्यक दिशा-निर्देश भी देती रहेंगी।हालांकि इस अनोखे तरीके को लेकर क्षेत्र में मिश्रित प्रतिक्रियाएं भी सामने आ रही हैं। जहां कई लोग इसे सामाजिक एकता और पारदर्शिता की मिसाल मानते हुए सराह रहे हैं, वहीं कुछ लोग इसे अलोकतांत्रिक बताते हुए आलोचना भी कर रहे हैं। इसके बावजूद गांववासियों ने इस पहल का स्वागत करते हुए एकता, सहयोग और सौहार्द का संदेश दिया है, जो अन्य क्षेत्रों के लिए भी प्रेरणादायक बन सकता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here