सोलन पुलिस का बड़ा एक्शन: अंतरराज्यीय ड्रग नेटवर्क का पर्दाफाश, नाइजीरियाई सप्लायर गिरफ्तार

0
45

सोलन ( नरेंद्र कुमार , संवाददाता ),

सोलन जिला पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक अंतरराज्यीय ड्रग नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस थाना सदर, सोलन में 20 अप्रैल 2026 को एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज एफआईआर संख्या 95/2026 में शुरुआती कार्रवाई के दौरान तीन आरोपियों से 9.93 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की गई थी। इनमें दो आरोपी बिहार के निवासी और एक नेपाली नागरिक है।

गहन जांच और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने ड्रग सप्लाई चेन के तार दिल्ली तक जुड़े होने का खुलासा किया। इसके बाद 22 अप्रैल को एक विशेष टीम को दिल्ली भेजा गया, जहां द्वारका क्षेत्र में छापेमारी कर 42 वर्षीय नाइजीरियाई नागरिक यूजीन चिनवेउबा को गिरफ्तार किया गया। उसके ठिकाने से 229 ग्राम हेरोइन और एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू बरामद हुआ।

प्रारंभिक जांच में आरोपी को इस नेटवर्क का प्रमुख सप्लायर पाया गया है। उसके खिलाफ विदेशी अधिनियम की धारा 14 भी जोड़ी गई है। पुलिस अब रिमांड लेकर नेटवर्क के अन्य सदस्यों और वित्तीय लेन-देन की जांच करेगी। यह कार्रवाई युवाओं को नशे से बचाने की दिशा में अहम मानी जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here