कुल्लू (ब्यूरो रिपोर्ट ),
हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कुल्लू की एसटीएफ टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने मंडी जिले के नागचला क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान एक टैक्सी से भारी मात्रा में चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एसटीएफ टीम ने नागचला में नियमित जांच के लिए नाकाबंदी कर रखी थी। इसी दौरान टैक्सी नंबर HP 01-5869 वहां पहुंची। पुलिस को देखते ही चालक घबरा गया, जिससे शक गहरा गया। तलाशी लेने पर टैक्सी के अंदर से कुल 34 ग्राम हेरोइन/चिट्टा बरामद हुआ।
आरोपी की पहचान जितेंद्र (20) पुत्र राजेंद्र कुमार, निवासी वीपीओ लंबाथाच, जिला मंडी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
इस संबंध में पुलिस थाना बल्ह, जिला मंडी में एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की आगामी जांच थाना बल्ह पुलिस द्वारा की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपी इस नशे को कहां से लाया था और इसे कहां सप्लाई किया जाना था।
