सोलन (नरेंद्र कुमार ,संवाददाता ),
बद्दी क्षेत्र में युवक की हत्या के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटों के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह मामला 14 अप्रैल 2026 को दर्ज किया गया था, जब बिलांवाली लबाणा क्षेत्र में एक युवक का शव खेत में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। मृतक की पहचान ओमकार चौधरी, निवासी बिजनौर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विनोद धीमान ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एफएसएल टीम ने मौके से अहम साक्ष्य जुटाए। इसके बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए तीन विशेष टीमें गठित कीं।
सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी और साइबर विश्लेषण की मदद से पुलिस ने संभावित ठिकानों पर दबिश दी और दोनों आरोपियों—सन्नी कुमार (समस्तीपुर, बिहार) और राहुल सिंह (नूरपुर, कांगड़ा)—को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों को अदालत में पेश किया जा रहा है और मामले की आगे की जांच जारी है।

