मुख्य समाचार

कांगड़ा : कांगड़ा के आठ स्वास्थ्य संस्थानों में 15 जून से शुरू होगी नशा मुक्ति क्लीनिक सेवाएं

कांगड़ा (सोनाली/संवाददाता), 
कांगड़ा जिले के आठ स्वास्थ्य संस्थानों में 15 जून से नशा मुक्ति क्लीनिक सेवाएं शुरू हो जाएगी। आरम्भ में इन अस्पतालों में यह सेवाएं हर हफ्ते दो दिन शुक्रवार और शनिवार को दोपहर बाद 2 से 4 बजे तक मिलेगी। यह जानकारी जिलाधीश डॉ. निपुण जिंदल ने राष्ट्रीय नार्काे समन्वय पोर्टल (एनकॉर्ड) के तहत बनी जिलास्तरीय समन्वय समिति की बैठक के उपरांत दी। धर्मशाला में बुधवार को आयोजित इस बैठक में जिला नार्काेटिक्स समन्वय समिति की संयोजक पुलिस अधीक्षक कांगड़ा शालिनी अग्निहोत्री भी उपस्थित रही। डॉ. निपुण जिंदल बताया कि पहले चरण में जिले के जिन 8 अस्पतालों में ये सेवाएं आरंभ की जा रही हैं उनमें जोनल अस्पताल धर्मशाला के साथ साथ सिविल अस्पताल ज्वालामुखी, कांगड़ा, शाहपुर, नूरपुर, इंदौरा फतेहपुर और पालमपुर शामिल हैं। इन संस्थानों में नशा मुक्ति के मामलों को डील करने के लिए प्रशिक्षित चिकित्सक और स्टाफ मौजूद है। साथ ही वहां नशा मुक्ति से जुड़ी सभी दवाइयां भी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। दूसरे चरण में इस सेवा को आगे जिले के अन्य अस्पतालों में लागू किया जाएगा। जिलाधीश ने बताया कि जिला प्रशासन ने स्वास्थ्य विभाग की मदद से नशा निवारण और पुनर्वास केंद्रों के निरीक्षण के लिए एक चेक लिस्ट तैयार की है। इसमें उन सभी कार्रवाइयों को शामिल किया गया है, जिन्हें केंद्र के निरीक्षण में चेक किया जाना चाहिए। इस चेक लिस्ट को सभी एसडीएम और लाइन विभागों से साझा किया जाएगा ताकि वे निरीक्षण के दौरान बारीकी से देखे जाने वाली बातों का ध्यान रख सकें। उन्होंने बताया कि पिछली बैठक में कांगड़ा जिले में नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्रों में सीसीटीवी कैमरे लगाने का निर्णय लिया गया था, इस कार्य को पूरा कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज की मॉनीटरिंग के लिए इसे पुलिस केन्द्र से जोड़ा जाएगा। इससे नशा मुक्ति तथा पुनर्वास केंद्रों में बेहतर व्यवस्था और निगरानी सुनिश्चित होगी। डॉ. निपुण जिंदल ने बताया कि जिले में स्कूलों में जागरूकता व विविध शिक्षा कार्यक्रमों के लिए विस्तृत शेड्यूल बनाया गया है। जल्द ही इस कार्यक्रम का विधिवत तौर शुभारंभ किया जाएगा। ‘संवाद’ ( एस.ए.एम.वी.ए.ए.डी. - सिस्टेमैटिक अडोलसेंट मैनेजमेंट एंड वैल्यू एडीशन डायलॉग) के नाम से चलाए जाने वाले इस कार्यक्रम में विभिन्न विभागों की स्कूली बच्चों से जुड़ी शिक्षा व जागरुकता गतिविधियों को कन्वर्जेंस के साथ निर्धारित शेड्यूल के मुताबिक चलाया जाएगा। इसे लेकर संबंधित अधिकारियों तथा कर्मचारियों के के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। जिलाधीश ने बैठक में वर्चुअल माध्यम से जुड़े सभी एसडीएम से संबंधित उपमंडलों में नशा निवारण को लेकर उठाए कदमों और नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्रों के औचक निरीक्षण को लेकर की कार्रवाई की जानकारी ली। बैठक में पुलिस अधीक्षक शालिनी अग्निहोत्री ने कहा कि ये देखना में आया है कि जिले में अलग अलग इलाकों में कुछ स्थल नशा करने के सम्भावित अड्डे जैसे बन गए हैं। पुराने भवन, सुनसान स्थल इनमें प्रमुख हैं। उन्होंने सभी एसडीएम तथा अन्य विभागों से ऐसी जगहों की मैपिंग करके डाटा पुलिस से साझा करने का आग्रह किया, ताकि पुलिस की टीमें वहां विशेष निगरानी कर सके। बैठक में गुंजन ऑर्गेनाइजेशन के निदेशक संदीप परमार और समन्वयक विजय शर्मा ने भी नशा निवारण गतिविधियों और जागरूकता अभियान को लेकर संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को आवश्यक प्रशिक्षण देने में संस्था की सहभागिता की बात कही तथा अपने बहुमूल्य सुझाव दिए।
Himachal Darpan

Recent Posts

हिमाचल में बदला मौसम का मिजाज: 5 जिलों में ऑरेंज अलर्ट, बर्फबारी से बढ़ी मुश्किले

ब्यूरो रिपोर्ट। हिमाचल प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। भारत…

3 hours ago

नाहन के रानी का बाग़ में 29 मार्च को बिजली रहेगी बंद

नाहन (संध्या कश्यप ,संवाददाता ), नाहन शहर के रानी का बाग़ क्षेत्र में 29 मार्च…

21 hours ago

अंडमान-निकोबार में तैनात हिमाचल के अधिकारी अनुपम मेहता का निधन।

ब्यूरो रिपोर्ट हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिला के उपमंडल धीरा के तहत आने वाली ग्राम…

21 hours ago

टीजीटी (मेडिकल) भर्ती का अंतिम परिणाम घोषित, 166 अभ्यर्थी चयनित

ब्यूरो रिपोर्ट। हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (एचपीआरसीए) ने प्रारंभिक शिक्षा विभाग में टीजीटी (मेडिकल)…

22 hours ago

फरियादी सीधे भगवान को लिख रहे चिट्ठियां, भरमौर के धर्मराज मंदिर पहुंच रहे देशभर से पत्र बने चर्चा का विषय

चंबा (ओपी शर्मा ,संवाददाता ), विश्वप्रसिद्ध चौरासी मंदिर परिसर, भरमौर में स्थित भगवान धर्मराज मंदिर…

23 hours ago

नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पॉवर स्टेशन में 90वीं हिंदी कार्यशाला का आयोजन

रामपुर बुशहर (सुरजीत नेगी,संवाददाता ), नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पॉवर स्टेशन में आज 28 मार्च, 2026…

23 hours ago