चंबा के राजणी गांव के पास खाई में गिरी पिकअप, दो युवकों की मौत, दो घायल

0
26

चंबा (ओपी शर्मा ,संवाददाता )

खैरी थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात हुआ दर्दनाक हादसा, समलेऊ अस्पताल में घायलों का चल रहा उपचार
चंबा। जिला चंबा के खैरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत राजणी गांव के समीप बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब समलेऊ से राजणी गांव की ओर जा रही एक पिकअप गाड़ी अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।
पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी के अनुसार पिकअप वाहन राजणी गांव से करीब 250 मीटर आगे पहुंचा ही था कि चालक अचानक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा। देखते ही देखते पिकअप सड़क से नीचे गहरी ढांक में जा गिरी। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को खाई से निकालकर सड़क तक पहुंचाया। इसके बाद सभी घायलों को उपचार के लिए एनएचपीसी अस्पताल समलेऊ ले जाया गया।
इस दर्दनाक हादसे में पिकअप चालक सुनील कुमार पुत्र उत्तम चंद और करण कुमार पुत्र कुंडू राम की मौत हो गई। दोनों मृतक गांव बासा, डाकघर बग्गी, तहसील सलूणी के निवासी थे। दुर्घटना में घायल हुए दो अन्य लोगों का अस्पताल में उपचार किया जा रहा है।
हादसे की सूचना मिलते ही खैरी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार पिकअप चालक सुनील कुमार के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281 और 125(ए) के तहत मामला दर्ज किया गया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here