समारोह से लौट रहे थे 6 दोस्त, रास्ते में मौत ने रोका रास्ता!

0
67

नितेश सैनी

प्रदेश के मंडी जिला से एक बेहद दुखद सड़क हादसे की खबर सामने आई है। जोगिंद्रनगर उपमंडल के लडभड़ोल क्षेत्र में देर रात एक कार अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में कार सवार छह युवकों की मौत हो गई। मृतकों में कई नाबालिग भी बताए जा रहे हैं। एक साथ छह युवाओं की मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।जानकारी के अनुसार, हादसा मंगलवार देर रात लडभड़ोल पेट्रोल पंप के समीप पेश आया। बताया जा रहा है कि सभी युवक किसी समारोह में शामिल होने के लिए सिमस गए हुए थे। वहां से वापस लौटते समय उनकी कार अचानक अनियंत्रित हो गई और गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद युवक घर नहीं पहुंचे तो उनकी तलाश की जा रही थी। बुधवार दोपहर को दुर्घटना का पता चला।घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और अपनी जान जोखिम में डालकर खाई में उतरकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे युवकों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक सभी दम तोड़ चुके थे। सूचना मिलने पर पुलिस टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू की।मृतकों की पहचान यश पुत्र राम लाल निवासी सिमस, आयुष (19) पुत्र विनोद कुमार निवासी सिमस, पंकज पुत्र पराक्रम निवासी गवाला, आदित्य (18) पुत्र अजय कुमार निवासी बलोह, अर्नव पुत्र नरेंद्र कुमार निवासी बलोह तथा एक अन्य युवक के रूप में हुई है।बताया जा रहा है कि मृतक युवक लडभड़ोल बाजार में दुकानें और कारोबार करने वाले परिवारों से संबंधित थे। इस हादसे ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। जिस क्षेत्र में कुछ समय पहले तक खुशियों और रौनक का माहौल था, वहां अब मातम पसरा हुआ है।डीएसपी पधर लोकेंद्र नेगी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल पाएगा।मंडी जिला में हुए इस दर्दनाक हादसे ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। छह परिवारों के चिराग बुझने से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here