ब्यूरो रिपोर्ट
जिला सिरमौर के राजगढ़ क्षेत्र के फागू में युवक और उसकी मां के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस थाना राजगढ़ में शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी गई है।पुलिस को दी शिकायत में अनुराग, निवासी गांव फागू, तहसील राजगढ़ ने बताया कि 20 अक्तूबर को वह अपनी मां मीना के साथ घर से सोलन जा रहा था। इसी दौरान फागू दुकान के पास उन्हें तनु भारद्वाज मिला, जो अपने कुत्ते के साथ था।शिकायत के अनुसार, उस समय अनुराग के चाचा के बच्चे पटाखे चला रहे थे। इसी बात को लेकर तनु भारद्वाज ने कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी की और अनुराग के साथ थप्पड़-मुक्कों से मारपीट की। जब उसकी मां मीना बीच-बचाव करने लगीं, तो उन्हें भी नीचे गिरा दिया गया।शिकायतकर्ता के अनुसार, मारपीट में मां-बेटे दोनों को चोटें आई हैं। पुलिस थाना राजगढ़ में मामला दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है।