नाहन ( संध्या कश्यप , संवाददाता ),
नाहन स्थित वाल्मीकि चौक पर गेट लगाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। 23 अक्टूबर को दोपहर करीब 12:15 बजे शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। इस दौरान दोनों पक्षों की ओर से ईंट-पत्थर और कांच की बोतलों से पथराव किया गया। बीच-बचाव करने पहुंची पुलिस पर भी उग्र भीड़ ने हमला कर दिया, जिसमें कुछ पुलिसकर्मियों को चोटें आई हैं। घटना में सरकारी और निजी वाहनों को भी नुकसान पहुंचाया गया।
पुलिस के अनुसार, पुलिस चौकी कच्चा टैंक, नाहन को वाल्मीकि चौक पर गेट लगाने को लेकर विवाद की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां गोविंदगढ़ मोहल्ला के कुछ लोग वाल्मीकि चौक से दिल्ली गेट की ओर जाने वाली मुख्य सड़क पर गेट लगा रहे थे, जिसका वाल्मीकि बस्ती के लोग विरोध कर रहे थे। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और गाली-गलौच शुरू हो गई, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी नाहन और अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच पथराव शुरू हो गया। पुलिस के मुताबिक, उग्र भीड़ ने बीच-बचाव कर रहे पुलिसकर्मियों पर भी हमला किया और मौके पर खड़े सरकारी व निजी वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया।
पुलिस के अनुसार, बाद में तहसीलदार नाहन भी दोनों पक्षों के बीच समझौता करवाने के लिए मौके पर पहुंचे। इस दौरान भीड़ ने उनकी सरकारी गाड़ी का रास्ता रोक लिया और पथराव करने के साथ डंडों से गाड़ी में तोड़फोड़ की।
पुलिस ने स्थिति पर काबू पाने के बाद क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया है। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार गश्त की जा रही है। मामले में पुलिस थाना नाहन में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 191(2), 191(3), 190, 132, 121(1), 324(4) तथा 3 PDP Act के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान कर रही है और मामले की आगामी जांच जारी है।
सिरमौर पुलिस ने आम जनता से शांति बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।