ब्यूरो रिपोर्ट।
नाहन। सिरमौर पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी, जुआ, मारपीट और अन्य मामलों में कार्रवाई करते हुए कई मामलों का खुलासा किया है। नाहन डिटेक्शन सेल की टीम ने 5 अक्टूबर को चबांहा के पास गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए कार सवार दो युवकों से 19.44 ग्राम चिट्टा/हेरोइन और 1000 रुपये नकद बरामद किए। आरोपियों की पहचान रोहित परमार निवासी ददाहु और निकुंज कुमार उर्फ भानु निवासी ददाहु के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच जारी है।वहीं, नाहन के अमरपुर में 4 अक्टूबर की रात लड़ाई-झगड़े के दो क्रॉस मामले दर्ज किए गए। शिकायतों के अनुसार दोनों पक्षों में गाली-गलौच और मारपीट हुई, जिसमें कई लोगों को चोटें आई हैं। पुलिस ने दोनों मामलों में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।इसके अलावा नाहन के विल्ला राउंड में सौंदर्यीकरण कार्य की शिलान्यास पट्टिका तोड़ने के मामले में भी पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। नगर परिषद की शिकायत पर सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की जांच की जा रही है।काला आंब पुलिस ने त्रिलोकपुर रोड सब्जी मंडी के पास दड़ा-सट्टा लगाते एक व्यक्ति को पकड़ा। आरोपी विकास बाबू निवासी उत्तर प्रदेश के कब्जे से सट्टा पर्चियों सहित 1190 रुपये नकद बरामद हुए। उसके खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।वहीं, सिरमौर पुलिस की PO Cell टीम ने पांच मामलों में वांछित घोषित अपराधी गुरदीप उर्फ कोना निवासी रैनवाला, पांवटा साहिब को उत्तराखंड के ढकरानी, विकासनगर से गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ पुरुवाला और पांवटा साहिब थानों में मारपीट, तोड़फोड़, जबरन प्रवेश सहित विभिन्न धाराओं में मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी को नियमानुसार न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।