ब्यूरो रिपोर्ट
चौपाल। जिला शिमला के चौपाल वन प्रभाग में ड्यूटी के दौरान एक महिला वन रक्षक के साथ फोन पर कथित तौर पर अभद्र भाषा का प्रयोग करने, गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। महिला वन रक्षक की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस को दी शिकायत में अर्चना, वन रक्षक एवं इंचार्ज फॉरेस्ट बीट पवास, ब्लॉक झिकनीपुल, रेंज चौपाल ने बताया कि वह सुबह करीब 10:54 बजे रिउनी में अपनी आधिकारिक ड्यूटी पर थीं। इसके बाद आरओ कार्यालय चौपाल लौटते समय उन्होंने विभागीय कार्य के सिलसिले में वरिंद्र धांटा को अपने मोबाइल फोन से कॉल किया।बताया गया है कि यह कॉल वरिंद्र धांटा के खिलाफ वन विभाग में प्राप्त एक शिकायत के संबंध में पूछताछ के लिए की गई थी। शिकायत के अनुसार, फोन पर बातचीत के दौरान आरोपी कथित तौर पर भड़क गया और महिला वन रक्षक के साथ अभद्र एवं आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करने लगा।महिला वन रक्षक द्वारा इसका विरोध करने पर आरोपी ने कथित तौर पर उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। मामले की शिकायत पुलिस में दिए जाने के बाद पुलिस ने आरोपी वीरेंद्र धांटा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 79, 221 और 351(2) के तहत मामला दर्ज किया है।पुलिस मामले की जांच कर रही है और फोन पर हुई बातचीत तथा शिकायत में लगाए गए आरोपों से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है।