ब्यूरो रिपोर्ट
मौसम विभाग के शिमला केंद्र के अनुसार, प्रदेश में 29 सितंबर तक कई स्थानों पर बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। इसके बाद बारिश की तीव्रता में कमी आने की संभावना है। विभाग ने मध्यम ऊंचाई वाले पहाड़ी क्षेत्रों में हल्की बारिश जारी रहने का पूर्वानुमान जताया है, जबकि मैदानी और कम व अधिक ऊंचाई वाले पहाड़ी क्षेत्रों में 2 अक्टूबर तक मौसम शुष्क रहने की संभावना व्यक्त की है।सिरमौर में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्टमौसम विभाग ने 27 सितंबर को प्रदेश में भारी बारिश की आशंका जताते हुए विभिन्न जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किए हैं। सिरमौर जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। यहां कुछ स्थानों पर गरज-चमक, बिजली कड़कने और भारी बारिश की संभावना है।
इसके अलावा शिमला, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, सोलन, बिलासपुर और सिरमौर जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में कुछ स्थानों पर मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक, बिजली कड़कने और तेज हवाएं चलने की आशंका जताई गई है।कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्रीप्रदेश के जनजातीय जिले लाहौल-स्पीति में ठंड का असर बढ़ने लगा है। जिले के कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। वहीं, किन्नौर जिले की पूह तहसील के कुनो चारंग क्षेत्र में दिन के समय बर्फबारी हुई, जबकि जिले के अन्य हिस्सों में बारिश दर्ज की गई।किन्नौर की ऊंची चोटियों पर सीजन की पहली बर्फबारी और प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में बारिश से मौसम में ठंडक बढ़ गई है। मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।